आदित्यपुर: नगर निगम के निकम्मेपन की वजह से सांसद जोबा माझी की फ़जीहत हो रही है. दरअसल मामला वार्ड 17 के बहुत चर्चित सड़क टाटा- कांड्रा मार्ग से जय प्रकाश उद्यान होते हुए लक्ष्य अपार्टमेंट तक बनने वाले पीसीसी सड़क का है.


मालूम हो कि उक्त सड़क को लेकर स्थानीय लोगों ने लंबा संघर्ष किया था. निवर्तमान पार्षद ने तत्कालीन डीएफओ के पैर भी पकड़े थे, तब जाकर वन विभाग ने सशर्त सड़क बनाने की मंजूरी दी थी, मगर नगर निगम के निकम्मेपन की वजह से उक्त सड़क का निर्माण कार्य पर रोक लग गयी और हजारों लोगों के दिल के अरमान आंसुओ में बह गए.
आपको याद दिला दें कि तत्कालीन नगर निगम के कार्यकाल में करीब 920 मीटर की उक्त सड़क के निर्माण कार्य के लिए वन विभाग ने सशर्त अनुमति दी थी. इसमें कहा गया था कि एक साल के भीतर उक्त सड़क को यदि नहीं बनाया गया तो एनओसी रद्द कर दिया जाएगा. नगर निगम के तत्कालीन बोर्ड मीटिंग में पास होने के बाद सड़क बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ मगर कार्यकाल समाप्त होने के बाद निगम प्रशासन ने सड़क का टेंडर निकाला. 72.63 लाख की अनुमानित लागत से बनने वाले इस सड़क का टेंडर भारद्वाज कंस्ट्रक्शन ने लिया. इसी साल 28 जनवरी को नगर निगम ने तामझाम से सिंहभूम सांसद जोबा माझी को बुलवाकर सड़क का शिलान्यास करवाया.
इस बीच वन विभाग ने नियमावली का हवाला देकर संवेदक को काम करने से रोक दिया. इसके लिए जिम्मेदार कौन है यह हम आप पर छोड़ते हैं. जिला में इस तरह का यह पहला मामला सामने आया है. जनहित से जुड़े मामले में नगर निगम प्रशासन ने जन भावनाओं के साथ कितना घिनौना मज़ाक किया है इससे बढ़िया उदाहरण और दूसरा क्या हो सकता है. इतने गंभीर मामले पर सारे जनप्रतिनिधि और जिले के कर्ता- धर्ता मौन हैं. इस सड़क के लिए लोगों ने काफी संघर्ष किया था.
आपको बता दें कि NOC मिलने के बाद कई नेताओं में श्रेय लेने की होड़ सी मच गई थी. स्थानीय लोग भी गुटों में बंटकर अपने- अपने नेताओं का महिमा मंडन करने में जुट गए थे. मगर जमीनी हकीकत क्या थी यह किसी से छिपा नहीं है. आज वैसे सभी जनप्रतिनिधि इस मामले में चुप्पी साधे बैठे हैं. हैरानी की बात तो ये है कि सांसद जोबा माझी भी अपनी बेज्जती पर मौन हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
