कांड्रा/ Bipin Varshney रविवार रात कांड्रा में चोरों ने एक साथ कई जगह चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया. मेन रोड स्थित शीतल महंती की गुमटी से गुटखा, चॉकलेट और अन्य सामान गायब कर दिया गया, वहीं छुटु गोराई की खैनी दुकान से खैनी की पुड़ियां चोरी कर ली गईं. इसके अलावा, गणेश प्रसाद के पानी सप्लाई करने वाले टेम्पो से लोहे का बत्ता भी चुरा लिया गया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद कांड्रा थाना प्रभारी ने जांच शुरू कर दी है और चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी दुकानदार ने थाना में लिखित शिकायत नहीं दर्ज कराई थी.
पुलिस प्रशासन ने पहले भी शांति समिति की बैठकों में व्यापारियों को दुकानों और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी थी, लेकिन अधिकांश दुकानों में सुरक्षा इंतजाम नहीं हो सके. व्यापारी लंबे समय से रात्रि गश्त बढ़ाने और मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी लगाने की मांग कर रहे हैं, परंतु स्थिति जस की तस बनी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांड्रा में नशाखोरी के कारण चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. वहीं कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए दुकानदार शिकायत दर्ज नहीं करते, जिससे चोरों का हौसला बुलंद होता जा रहा है.

