रांची: उपराष्ट्रपति चुनाव को प्रभावशाली बनाने के लिए सभी राजनीतिक दल सक्रिय हैं. इंडी गठबंधन की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए गए बी सुदर्शन रेड्डी शनिवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे. यहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. सीएम ने मीडिया के सामने रेड्डी का स्वागत किया और झामुमो की ओर से समर्थन का संकेत दिया.

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलेश महतो, प्रभारी के. राजू, राज्यसभा सांसद रघुराम रेड्डी, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, सांसद महुआ मांझी, सरफराज अहमद, जोबा मांझी और सुखदेव भगत मौजूद रहे. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में इंडी गठबंधन की सरकार है और पार्टी इस चुनाव में सकारात्मक परिणाम के लिए रणनीति बनाएगी.

बी. सुदर्शन रेड्डी ने इस दौरान दिवंगत शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को अन्यायपूर्वक सताया गया और जेल भेजने के पीछे राजनीतिक साजिश रही है. उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि अगर ऐसे सवालों का जवाब नहीं मिलता तो लोकतंत्र का कोई अर्थ नहीं रह जाता. रेड्डी ने हेमंत सोरेन से समर्थन मांगा और सभी राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील की.

