सरायकेला/ Pramod Singh जिले के पीडीएस दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि 31 अगस्त तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया गया तो वे 1 सितंबर से हड़ताल पर चले जायेंगे. इस संबंध में फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन की बैठक गुरुवार को स्थानीय धर्मशाला में हुई जिसकी अध्यक्षता फूलकांत झा ने की.

बैठक में बताया गया कि जिले के राशन डीलरों का पिछले 11 माह से एनएफएस का कमीशन भुगतान नहीं हुआ है. वहीं ग्रीन कार्ड से संबंधित 19 माह का कमीशन भी बकाया है. एसोसिएशन के अध्यक्ष फूलकांत झा ने कहा कि दुकानदार लोगों के घरों का चूल्हा जलाने के लिए दिन- रात मेहनत करते हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के प्रति उदासीन है. यदि समय पर भुगतान नहीं हुआ तो राज्यभर के पीडीएस डीलर ई- पॉश मशीनें प्रखंड कार्यालय में जमा कर हड़ताल पर चले जायेंगे.

फेयर प्राइस शॉप डीलर्स की मुख्य मांगें
एनएफएस का 11 माह का बकाया कमीशन भुगतान करना.
ग्रीन कार्ड का 19 माह का बकाया कमीशन तुरंत देना.
सभी दुकानदारों का 15 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कराना.
आकस्मिक निधन पर आश्रितों को 3 लाख रुपये देना.
प्रत्येक प्रखंड में आपदा प्रबंधन और गरीब परिवारों के श्राद्ध कर्म हेतु 2-3 क्विंटल चावल का भंडारण करना.
सरकार द्वारा घोषित 1,000 रुपये प्रोत्साहन भत्ता लागू करना.
हर महीने किराया और बिजली बिल मद में 3,000 रुपये देना.
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वालों को 10,000 रुपये जीवन निर्वाह भत्ता और परिवार के सदस्य के नाम से नया लाइसेंस जारी करना.

