सरायकेला: उपायुक्त ने सोमवार को औचक क्षेत्र भ्रमण के क्रम में राजनगर प्रखंड अंतर्गत राजनगर पंचायत स्थित कृषक पाठशाला का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान आधारभूत संरचना, प्रशिक्षण कार्यक्रम, किसानों की सहभागिता एवं संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि खाली पड़े पशु शेड में शीघ्र पशुओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, फलदार पौधों के बीच इंटर क्रॉपिंग को प्रोत्साहित किया जाए तथा बतख पालन को पुनः प्रारंभ कर किसानों की आय वृद्धि सुनिश्चित की जाए. साथ ही किसानों को आधुनिक तकनीक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया.


इसी क्रम में डुमरडीहा पंचायत स्थित चापड़ा तसर बागान का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान लाभुकों से तसर उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया, कोकून संकलन, धागा निर्माण एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की गई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि तसर उत्पादन से जुड़े किसानों को तकनीकी सहयोग एवं विपणन तंत्र की सुदृढ़ व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि ग्रामीण स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को रोजगार एवं आय संवर्धन के अवसर मिल सकें.

भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए उपायुक्त ने ऑन-द-स्टॉप आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करने, नियमित मॉनिटरिंग करने एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया जाए. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजनगर मलय कुमार सहित कृषि, पशुपालन एवं रेशम विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
