आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai औद्योगिक क्षेत्र स्थित क्रॉस लिमिटेड कंपनी में मजदूरों के शोषण की शिकायत पर गुरुवार को उपश्रमायुक्त अरविंद कुमार के नेतृत्व में श्रम विभाग की टीम ने औचक जांच की. जांच के क्रम में मजदूरों के पीएफ, ईएसआईसी में कटौती और दैनिक मजदूरों से ओवरटाइम काम लेकर भी न्यूनतम दैनिक मजदूरी नहीं देने का मामला सामने आया है.

अधिकारियों ने जांच के उपरांत कंपनी वेंडरों के आवश्यक दस्तावेज जब्त करते हुए नोटिस जारी करने की बात कही है. मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों मजदूरों ने शोषण की शिकायत उपश्रमायुक्त को दी थी. जिसके बाद श्रम अधीक्षक सरायकेला- खरसावां और टीम के साथ मौके पर जांच की गई. अचानक श्रम विभाग की दस्तक से कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया. अधिकारियों ने बताया कि जांच में मिली गड़बड़ियों को लेकर कंपनी प्रबंधन को नोटिस जारी किया जाएगा और संतोषजनक जवाब न मिलने पर श्रम कानून उल्लंघन को लेकर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
कंपनी के एचआर हेड के करीबी वेंडरों पर आरोप
शिकायत में कहा गया है कि कंपनी के एचआर हेड रामाकांत गिरी अपने रिश्तेदारों और करीबियों की ठेका कंपनियों के माध्यम से मजदूरों का शोषण करवा रहे हैं. नेशनल इंजीनियरिंग, मॉ कौशल्या और अन्य ठेका कंपनियों द्वारा मजदूरों की भर्ती कर पीएफ, ईएसआईसी और न्यूनतम मजदूरी में कटौती की जा रही है. मामले में एचआर हेड रामाकांत गिरी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका.

