जमशेदपुर: मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले तृतीय वर्ष के छात्र दिव्यांशु पांडेय ने आत्महत्या कर ली है. बताया जाता है कि वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन का शिकार था.


दिव्यांशु पांडेय ने कॉलेज के हॉस्टल में सल्फाइट खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. घटना के बाद उसकी स्थिति गंभीर हो गई. साथी छात्रों ने तत्काल उसे अपने निजी वाहन से मणिपाल के पास स्थित मर्सी अस्पताल में भर्ती कराया. वहां स्थिति बिगड़ने पर उसे टाटा मेन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया.
मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर निवासी दिव्यांशु पांडेय मेडिकल की पढ़ाई के लिए जमशेदपुर में रह रहा था. सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य जमशेदपुर पहुंच चुके हैं. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को समस्तीपुर ले जाया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और अधिकारियों ने इस संबंध में किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया है.

