हजारीबाग: जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार देर शाम लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) का औचक निरीक्षण किया. करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई में हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती सहित कई दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया. इस दौरान कई खामियां पाई गईं, जिनमें पानी का रिसाव, जलजमाव और लाइट की खराब व्यवस्था प्रमुख रहीं. अधिकारियों ने कारा प्रबंधन को जल्द से जल्द इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
हालांकि छापेमारी के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली, लेकिन अचानक हुए निरीक्षण से कैदियों के बीच हड़कंप मच गया. प्रशासन का कहना है कि जेल की व्यवस्था को दुरुस्त करने और कैदियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. हजारीबाग सेंट्रल जेल में हुए इस औचक निरीक्षण की चर्चा पूरे क्षेत्र में है.
सदर एसडीओ वैद्यनाथ कामती ने कहा “यह एक रूटीन जांच थी. निरीक्षण के दौरान कई कमियां पाई गईं. कारा प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए.”

