जमशेदपुर/ Afroz Mallik आजादी का अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 106 वाहिनी आरएएफ द्वारा एक भव्य तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया. इस पदयात्रा में राष्ट्रीय ध्वज के साथ देशभक्ति और एकता का सशक्त संदेश जन- जन तक पहुंचाया गया. पदयात्रा का आयोजन कमांडेंट-106 राजीव कुमार के निर्देश पर और कमांडेंट (AOD) शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में किया गया.


इस अवसर पर द्वितीय कमांडेंट सच्चिदानंद मिश्र, कौशल सदन गिरी, नागेन्द्र सिंह, उप कमांडेंट सहित कई अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं महिला- पुरुष जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. सुंदरनगर स्थित 106 आरएएफ कैम्प से प्रारंभ हुई यह पदयात्रा ब्यागबिल सहित कई गांवों से होकर गुज़री और पुनः कैम्प परिसर में संपन्न हुई. यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों को तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया. अधिकारियों और जवानों की इस संयुक्त पहल ने न केवल ग्रामीणों में देशभक्ति का उत्साह जगाया बल्कि अभियान के उद्देश्य “हर घर पर तिरंगा, हर दिल में भारत” को साकार किया.

