साहिबगंज: जिले के तालझारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई. यह घटना तालझारी थाना क्षेत्र के दुधकोल गांव की है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है.

मृतकों की पहचान एक ही परिवार के सदस्यों के रूप में की गई है. घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी नितेश पांडेय दल- बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और प्रत्येक सुराग को जोड़ते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, इस लोमहर्षक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बजल हेम्ब्रम ने स्वयं को तालझारी थाना में आत्मसमर्पण कर दिया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. लोग सहमे हुए हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है. प्रशासन ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है.

