पटना/ Arzoo Bakhsh बिहार के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक संवेदना प्रकट की है. इसी क्रम में चर्चित अंतर्राष्ट्रीय रेत कलाकार (सेंड आर्टिस्ट) मधुरेंद्र ने अपने अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि अर्पित की है. उन्होंने 3 सेमी आकार वाले पीपल के हरे पत्ते पर पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक की तस्वीर उकेरी है और उस पर “RIP सत्यपाल मलिक” लिखते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी है. यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने कहा कि सत्यपाल मलिक ने जीवन के अंतिम वर्षों में देश को जगाने की भरपूर कोशिश की थी. उनके अंतिम शब्द थे, “मैं रहूं या न रहूं, देशवासियों को सच्चाई बताना चाहता हूं.” वे लोकतंत्र के योद्धा और किसानों के सच्चे हितैषी थे.
मधुरेंद्र कुमार अपनी बेमिसाल कलाकृतियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने के लिए देश- विदेश में चर्चित हैं. बीते सोमवार को उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरुजी शिबू सोरेन की तस्वीर बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी. वहीं मंगलवार को 79 वर्षीय सत्यपाल मलिक ने दोपहर 1:10 बजे दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली. वे किडनी की बीमारी से लंबे समय से जूझ रहे थे और कई बार ICU में भर्ती किए गए थे. अंततः उन्होंने जीवन की अंतिम लड़ाई हार दी.
गौरतलब है कि सत्यपाल मलिक 30 सितंबर 2017 को बिहार के राज्यपाल नियुक्त हुए थे. इसके बाद वे अगस्त 2018 में जम्मू- कश्मीर और 2020 में मेघालय के राज्यपाल बने. उनका जन्म 24 जुलाई 1946 को बागपत जिले में हुआ था. उन्होंने भारतीय क्रांति दल, कांग्रेस, जनता दल, लोक दल, समाजवादी पार्टी और अंततः भाजपा से राजनीतिक जीवन की यात्रा की. वे 1980 से 1989 तक राज्यसभा सदस्य और 1989 में अलीगढ़ से लोकसभा सांसद रहे. उनकी श्रद्धांजलि पर बिहार के मुख्यमंत्री समेत कई प्रमुख राजनेताओं, शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों ने भी सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र की कलाकृति को सोशल मीडिया पर साझा किया है और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है.

