रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संरक्षक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है. शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है. इस अवधि में कोई भी सरकारी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा. साथ ही शोक की अवधि तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. सरकार ने 4 और 5 अगस्त को सभी सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का फैसला किया है.

पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन को देखते हुए झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है. विधानसभा अध्यक्ष ने शोक व्यक्त करते हुए यह निर्णय लिया. शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज शाम 5 बजे विशेष विमान से दिल्ली से रांची लाया जाएगा. एयरपोर्ट से सीधे उनके आवास ले जाया जाएगा.
कल मंगलवार को गुरुजी के पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा और पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए आम जनता के समक्ष रखा जाएगा. इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के नेमरा ले जाया जाएगा. नेमरा गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

