सरायकेला: जिले में नक्सलियों के मंसूबों को एक बार फिर करारा जवाब मिला है. जहां शनिवार को पुलिस अधीक्षक को मिले गुप्त सूचना पर कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा ओपी क्षेत्र के पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर भारी मात्रा में रखे भारी विस्फोटक को नष्ट किया गया है.

बताया जा रहा है कि इसका उद्देश्य सुरक्षा बलों के अभियान को निशाना बनाना था. इस इनपुट के आधार पर सरायकेला- खरसावां पुलिस ने चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी के साथ संयुक्त अभियान चलाया. इसी दौरान दलभंगा ओपी के सिकरम्बा गांव के पास सघन सर्च ऑपरेशन किया गया. सर्च अभियान के दौरान एक स्टील कंटेनर बरामद किया गया, जिसमें चावल के बैग में छिपाकर रखा गया 125 किलो अमोनियम नाइट्रेट पाउडर मिला. हर बैग में 25 किलो विस्फोटक था. बम निरोधक दस्ते की सहायता से सभी बैग को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया. यह कार्रवाई नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल करने के रूप में देखी जा रही है. इस मामले में विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. अभियान में शामिल बलों में सरायकेला- खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी शामिल थे.

