सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड कार्यालय के पास शुक्रवार सुबह एक स्कूटी सवार ने साइकिल को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में एक बुजुर्ग सहित तीन लोग घायल हो गए.

घायलों में 62 वर्षीय आशुतोष पति, 20 वर्षीय गोपाल बास्के और 22 वर्षीय कुंवर टुडू शामिल हैं. मिली जानकारी के अनुसार आशुतोष पति राजनगर प्रखंड के डूमरडीहा गांव के निवासी हैं. उनका एक घर कांड्रा में भी है और वे अक्सर साइकिल से डूमरडीहा से कांड्रा आना- जाना करते हैं. शुक्रवार को भी वे साइकिल से कांड्रा जा रहे थे. इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी. स्कूटी पर राजनगर के रानीगंज निवासी गोपाल बास्के और नौका गांव के कुंवर टुडू सवार थे. दोनों रांची किसी काम से जा रहे थे. दुर्घटना के बाद तीनों घायलों को रोड एंबुलेंस से सरायकेला सदर अस्पताल लाया गया. जहां तीनों का इलाज चल रहा है. बुजुर्ग को सिर, पैर, कमर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. वहीं स्कूटी सवार दोनों युवकों को भी हल्की चोटें पहुंची हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

