आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड में होने वाले निकाय चुनावों में पिछड़े वर्ग को आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम ने सरायकेला जिले के आदित्यपुर के वार्ड संख्या 13 और 16 का निरीक्षण किया. इस दौरान आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया के तहत पूरे झारखंड में व्यापक कार्य किया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि ओबीसी आरक्षण को लेकर मतदाता सूची का निर्माण पूरा हो चुका है और प्राप्त आपत्तियों का समाधान भी वार्ड, बूथ और जिला स्तर पर किया जा चुका है. आयोग की टीम मतदाता सूची में दर्ज नामों का मिलान वोटर आईडी कार्ड से कर रही है ताकि यह तय हो सके कि डेटा सही तरीके से अपलोड हुआ है या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि संबंधित व्यक्ति किस जाति और वर्ग से आता है. आयोग अध्यक्ष ने कहा कि प्रक्रिया अब तेज़ी से आगे बढ़ रही है और सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है. उन्होंने यह भी माना कि निकाय चुनाव ना होने से शहरी विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सपना है कि विकास गांव, पंचायत से लेकर शहर तक हो. और यह प्रक्रिया उसी दिशा में एक कदम है. निरीक्षण के दौरान आयोग की टीम ने स्थानीय लोगों से बात कर जानकारी जुटाई और दस्तावेजों का अवलोकन भी किया. भ्रमण के दौरान आयोग अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव, सदस्य नंदकिशोर मेहता और लक्ष्मण यादव के साथ आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह, निर्वाचन विभाग के पदाधिकारी, बीएलओ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.

