सरायकेला/ Pramod Singh नातीडीह गांव में ग्रामीणों की आशंका आखिरकार सच साबित हुई. सूचना देने के बावजूद वन विभाग की लापरवाही के कारण मंगलवार रात एक हाथी ने 18 वर्षीय नाबालिक युवक को अपनी चपेट में ले लिया.

ग्रामीणों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि हाथी आसपास घूम रहा है, लेकिन वन विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई. मंगलवार रात करीब 9:30 बजे यह हादसा उस वक्त हुआ जब नाबालिक सीदीयू हाईबुरू अपने घर के पास शौच के लिए गया था. बताया जा रहा है कि जैसे ही वह पेड़ के नीचे बैठा, पीछे से हाथी निकल आया. हाथी ने युवक को अपनी सूंड में लपेटकर पटक दिया. युवक तालाब में जा गिरा.
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हाथी को भगाया. युवक को तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया. घटना के समय वन विभाग की टीम मौजूद नहीं थी. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और फिर घटनास्थल के लिए रवाना हुई. अब चांडिल की वन विभाग टीम हाथी को भगाने के लिए सक्रिय हुई है. लेकिन सवाल यह है कि अगर समय पर कार्रवाई होती, तो हादसा रोका जा सकता था.

