जमशेदपुर/ Afroz Mallik पंचायतों में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को “सशक्त पंचायत – नेत्री अभियान” के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. यह कार्यशाला जिला पंचायत राज रिसोर्स भवन, करनडीह में आयोजित हुई.

कार्यशाला में जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी रिंकू कुमारी और जिला परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ रजनीकांत मिश्रा शामिल हुए. Revamped RGSA योजना के तहत आयोजित इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित महिला मुखिया और महिला वार्ड सदस्यों ने भाग लिया. इस अवसर पर प्रतिभागियों को पंचायत संचालन, नेतृत्व कौशल, योजनाओं की जानकारी और सशक्त भागीदारी के लिए प्रशिक्षण दिया गया.
कार्यशाला में बहरागोड़ा, डुमरिया, मुसाबनी, धालभूमगढ़, गुड़ाबांदा, चाकुलिया, पोटका, पटमदा, बहरागोड़ा, जमशेदपुर, बोडाम और घाटशिला प्रखंडों की कुल 84 महिला जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. इनमें 71 महिला मुखिया और 29 महिला वार्ड सदस्य शामिल थीं. प्रशिक्षकों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से पंचायतों में महिला नेतृत्व को मजबूती मिलेगी और गांवों के विकास में महिलाओं की भूमिका और भी सशक्त होगी.

