रामगढ़: सीसीएल बरकासयाल एरिया के सेंट्रल सौंदा स्थित 15 सालों से बंद पड़े अस्पताल को फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीण गोलबंद हो गए हैं. पांच पंचायतों की लगभग 25 हजार की आबादी स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में परेशान है. ग्रामीणों ने अस्पताल को चालू कराने के लिए हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल से गुहार लगाई है.

विज्ञापन
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल बंद होने के कारण इलाके के लोगों को इलाज के लिए दूर- दराज जाना पड़ता है. आपात स्थिति में स्थिति और भी विकट हो जाती है. ग्रामीणों के साथ सांसद प्रतिनिधि ने भी अस्पताल का निरीक्षण किया और लोगों की समस्याएं सुनीं. ग्रामीणों ने रामगढ़ जिला प्रशासन, CCL प्रबंधन और सांसद मनीष जायसवाल से अस्पताल को जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की है ताकि 25 हजार से अधिक आबादी को इलाज की सुविधा मिल सके.

विज्ञापन
