जमशेदपुर/ Afroz Mallik उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में बुधवार को पथ परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, आरओबी निर्माण और रेललाइन प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद ने की.

बैठक में पिछली- कुदादा पथ, भागाबंदी- ओडिशा सीमा सड़क, मानगो स्वर्णरेखा नदी पुल, बेगनाडीह- पोटका पथ उच्च स्तरीय सेतु, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट पहुंच पथ, भुईयासिनान- सुसनी पथ, फुलडुंगरी एनएच- 33- झांटीझरना पथ और किताडीह- बागबेड़ा रिंग रोड समेत कई परियोजनाओं की प्रगति, रैयतों की आपत्तियां और मुआवजा भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई.
अपर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जहां अधिक आबादी प्रभावित हो रही है, वहां अंचल कार्यालय व पथ निर्माण विभाग संयुक्त सर्वेक्षण कर वास्तविक प्रभाव का आंकलन करें. लंबित मुआवजा मामलों में तेजी लाते हुए कैम्प मोड में दावा व आपत्ति प्राप्त कर स्थल पर ही सुनवाई आयोजित कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाएं जनहित से जुड़ी हैं, इसलिए रैयतों के अधिकारों की रक्षा करते हुए कार्यों को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए. सहमति आधारित भू- अर्जन प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए ताकि निर्माण कार्य बिना विलंब के संपन्न हो सके. बैठक में जिला भू अर्जन पदाधिकारी गुंजन सिन्हा, कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, सीओ मानगो ब्रजेश श्रीवास्तव, सीओ पोटका निकिता बाला, सीओ बोड़ाम व डुमरिया समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

