वैशाली: जिले के हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया. बाइक सवार तीन अपराधियों ने दाल मिल के मुंशी को गोली मारकर 6 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए.

घटना उस समय हुई जब दाल मिल के दो कर्मचारी बैंक में पैसा जमा करने जा रहे थे. घायल कर्मी सुबोध कुमार साह और शंकर साह नवादा से पासवान चौक स्थित बैंक की ओर बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान तीन अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोका, चाभी छीन ली और पिठ्ठू बैग में रखा 6 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए. विरोध करने पर अपराधियों ने सुबोध कुमार साह को गोली मार दी.
घायल कर्मी को हाजीपुर सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाली. घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ की. एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है. अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

