सरायकेला/ Pramod Singh समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, समावेशी और परिणामोन्मुख बनाने पर बल दिया.

डीसी ने शिक्षकों और कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने, विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा प्राप्त राशि के पारदर्शी उपयोग, स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट क्लास, ICT लैब और पुस्तकालय की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी नियमित विद्यालय निरीक्षण करें और आवश्यक सुधार की सूचना जिला मुख्यालय को दें.
बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
डीसी ने कहा कि स्कूलों में पेयजल, शौचालय और मरम्मत जैसी बुनियादी सुविधाएं तुरंत सुनिश्चित की जाएं. ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उनका पुनः नामांकन कराया जाए. बिना आधार या जन्म प्रमाणपत्र वाले बच्चों से आवेदन लेकर प्रक्रिया पूरी कराई जाए ताकि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को मिल सके.
ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर शिक्षक और विद्यार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए. उन्होंने कहा कि लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, BRP, CRP समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

