
पलामू: जिले में अपहरण और बंधक बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को पांच दिनों की कैद से सुरक्षित मुक्त कराया और मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.


पुलिस के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र के पाण्डेपुरा निवासी उपेंद्र भुईयां को रेलवे स्टेशन से कथित तौर पर अगवा कर मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज गेट, बारालोटा स्थित एक कमरे में बंद कर दिया गया था. आरोप है कि आरोपी लगातार उसके साथ मारपीट करता रहा और परिजनों से तीन लाख रुपये की मांग करता रहा.
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि युवक के पिता गोपाल भुईयां की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था. पुलिस ने ताला तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया तो उपेंद्र भुईयां डरे-सहमे हालत में मिले. पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें पिछले पांच दिनों से कमरे में बंधक बनाकर रखा गया था और लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.
पुलिस ने मुख्य आरोपी अमरेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी तीन लाख रुपये की कथित उधारी का हवाला देकर युवक और उसके परिजनों पर पैसे देने का दबाव बना रहा था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
Edited By Sarita





