चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाविकों की सुरक्षा के लिए सराहनीय पहल की है. गुरुवार को गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज ने कारो नदी पर नाव चलाने वाले चार नाविकों के बीच चार लाइफ जैकेट और चाक टायर ट्यूब का वितरण किया.

यह वितरण सामुदायिक पुलिसिंग के तहत किया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि कारो नदी पार करने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है. पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है, लेकिन पूरा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए डोंगी का सहारा लेना पड़ता है. गुदड़ी बाजार क्षेत्र के नाविकों को दिए गए लाइफ जैकेट से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी. कारो नदी पर पुल का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. पुल बनने के बाद बांदु व टोमडेल पंचायत के तीस गांवों के लोगों को राहत मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान बिरकेल पंचायत की मुखिया कुंवारी बरजो, चंदन बरजो, जेबियर खेसरा, गोस्सनर बरजो, गुदड़ी थाना के जवान और कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.

