चांडिल/ Afroz Mallik कपाली क्षेत्र इन दिनों बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है. लगातार बारिश के कारण कई वार्डों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक पानी भरा है. लोग खासकर स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं.

विडंबना यह है कि जहां एक ओर पूरा कपाली पानी- पानी है, वहीं दूसरी ओर पीने के पानी के लिए लोगों को टूटी हुई सरकारी चापाकलों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. स्थानीय निवासी मोहम्मद बबलू ने बताया कि मरम्मत की ओर न तो किसी अधिकारी का ध्यान है और न ही जनप्रतिनिधियों की कोई पहल. ग्रामीणों ने बताया कि खुद से साइकिल की ट्यूब काटकर चापाकल की टूटी हुई जगहों को बांधा गया है ताकि किसी तरह पीने लायक पानी मिल सके. इसी अस्थायी व्यवस्था के सहारे लोग जीवन यापन कर रहे हैं. यह स्थिति प्रशासनिक उदासीनता और सिस्टम की लापरवाही को उजागर करती है. मोहम्मद बबलू ने बताया कि सरकारी सप्लाई पाइपलाइन भी डाली गई है लेकिन वह अधूरी पड़ी है. अगर उसे सुचारू रूप से संचालित कर दिया जाए तो लोग कनेक्शन लेकर अपने जीवन की मुश्किलें कम कर सकते हैं. उन्होंने तत्काल प्रभाव से क्षतिग्रस्त चापाकलों की मरम्मत की मांग की है.

