गुमला: जिला के सिसई रोड पर रविवार शाम व्यवसायी विनोद जाजोदिया की तेज धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना गुमला सदर थाना क्षेत्र के रांची- गुमला मार्ग की है. जानकारी के मुताबिक, विनोद जाजोदिया सड़क पार कर रहे थे तभी तीन अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया.

घायल अवस्था में उन्हें आनन- फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में रिम्स रेफर किया गया. लेकिन रिम्स ले जाने के दौरान भरनो के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के वक्त कई लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी न तो रोकने का प्रयास किया और न ही कुछ बताया. पहले परिजन और पुलिस को लगा कि एक्सीडेंट हुआ है. लेकिन जब परिजन घर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तो हत्या का सच सामने आया. सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि विनोद जाजोदिया अपनी दुकान के सामने वाली दुकान से ब्रेड खरीद कर सड़क पार कर रहे थे, तभी एक अपराधी ने पीछे से उनके सिर पर लगातार धारदार हथियार से वार किया, जिससे उनकी एक आंख भी बाहर आ गई. घटना के बाद तीनों अपराधी आराम से फरार हो गए. दो अपराधी रेकी कर रहे थे जबकि एक ने हमला किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
गुमला पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा ने बताया कि मामूली बात को लेकर आपसी रंजिश में लोहे के रॉड से मारकर हत्या की गई है. हत्यारे स्थानीय युवक हैं. पुलिस ने तीन में से एक को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य दो की तलाश जारी है.
इस घटना से गुमला के व्यवसायियों में आक्रोश है. व्यवसायियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. परिजनों ने बताया कि रविवार को विनोद जाजोदिया के पुत्र गोविंद जाजोदिया का सीएस परिणाम जारी हुआ था, जिसमें उसके पास होने से घर में खुशी का माहौल था, जो शाम होते- होते मातम में बदल गया.

