सरायकेला/ Pramod Singh जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 के सफल क्रियान्वयन और जिला स्तर पर इसकी व्यापक तैयारियों को सशक्त करने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया.

इस कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त सह अध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता समिति, नितिश कुमार सिंह ने की. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत स्वच्छता, पेयजल प्रबंधन और जनभागीदारी को और अधिक प्रभावशाली बनाना था.

कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 के उद्देश्यों, प्रक्रिया और मूल्यांकन मानकों से अवगत कराया गया. राज्य स्तरीय प्रशिक्षक आजाद ने उपस्थित प्रतिभागियों को सर्वेक्षण से संबंधित तकनीकी पहलुओं, मूल्यांकन प्रक्रिया, गुणवत्ता आधारित मानकों और रैंकिंग प्रणाली के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी. डीसी ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 एक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है, जिसका उद्देश्य ग्राम्य भारत को स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र के रूप में विकसित करना है. कार्यशाला में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेंद्र उराव और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे.

