सरायकेला: जिला सिविल कोर्ट से अनुमंडल कोर्ट (चांडिल) जाने वाली सड़क अत्यंत जर्जर और टूट-फूट की स्थिति में आ गई है. इस सड़क पर हजारों गड्ढे उभर आए हैं और बरसात के चलते उनमें पानी भी भर गया है, जिससे सड़क दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं.

पथ निर्माण विभाग की लापरवाही और जेआरडीसीएल (JARDCL) की अनदेखी के कारण यह सड़क जर्जर हो गई है. विदित हो कि 330 करोड़ की लागत से चौका- कांड्रा- चाईबासा तक 68 किमी सड़क का निर्माण जेआरडीसीएल ने किया है. लेकिन इसकी देखभाल और मरम्मत में घोर लापरवाही बरती जा रही है.
सामाजिक संस्था जन कल्याण मोर्चा ने उपायुक्त सरायकेला- खरसावां से मिले निर्देश के तहत अनुमंडल न्यायालय में शिकायत दर्ज कराया है जिसका केस नंबर 260/ 2023 है. इस मामले में अंचल एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी स्तर से भी जांच कर रिपोर्ट सौंपी गई है, बावजूद इसके जेआरडीसीएल द्वारा मानक के अनुरूप न तो सड़क का मेंटेनेंस किया जा रहा है ना ही जरूरी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है. उल्टा सुविधाओं में कटौती की जा रही है जिससे आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं. लोग इस मार्ग पर टोल देकर सफर करते हैं. यहां तक की उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सड़क सुरक्षा की बैठक के दौरान जेआरडीसीएल को अविलंब सड़क को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है. ऐसे में साफ समझ जा सकता है कि जेआरडीसीएल को ना तो कोर्ट का डर है ना ही जिला प्रशासन का. एकबार फिर से जन कल्याण मोर्चा ने उपायुक्त से मांग की है कि इस सड़क को पूरी गुणवत्ता के साथ अविलंब ठीक कराने, सड़क के किनारे के नाले की सफाई और स्ट्रीट लाइट को ठीक करने की भी मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि इस सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो सड़क दुर्घटनाएं और बढ़ सकती हैं और आम जनता की परेशानी बढ़ सकती है. बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो सकता है.

