जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में गुरुवार को एशिया के प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर बैठक की गई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, भारतीय सेना के प्रतिनिधि कर्नल मानस कुंडू, मेजर मोहित जैन, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद व प्रशासन तथा पुलिस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

ट्रॉफी अनावरण और टूर
टूर्नामेंट के ट्रॉफी का अनावरण समारोह XLRI सभागार में 7 जुलाई को होगा. अनावरण के उपरांत ट्रॉफी टूर 7 और 8 जुलाई को जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में प्रस्तावित है. वहीं टूर्नामेंट के मैच 27 जुलाई से जेआरडी टाटा स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में खेले जाएंगे. बैठक में प्री-इवेंट, ट्रॉफी टूर एवं मैच के दौरान विधि- व्यवस्था एवं सुरक्षा के दृष्टि से दर्शकों के प्रवेश के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, वॉलंटियर, चेक प्वाइंट पर स्कैनर मशीन, वीआईपी प्रवेश मार्ग को व्यवधान रहित रखने, पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर समुचित व्यवस्था, सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि खेल प्रेमियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और व्यवस्था भी बनी रहे.
आवश्यक व्यवस्थाएं
बैठक में खिलाड़ियों के आवागमन, आवासन आदि बिंदुओं पर भी विमर्श किया गया. साथ ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड पर्याप्त संख्या में तैनात रखे जाने को लेकर संबंधित विभागीय पदाधिकारी को निर्देशित किया गया.

