बोकारो: जिले के चंदनक्यारी में रामडीह मोड़ के पास जमीन विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई और लाठी डंडे बरसाए गए. इस घटना में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं. दोनों पक्षों ने थाना में अलग- अलग आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है. पहले पक्ष में मालिंद राय की पत्नी सीता देवी को हाथ में चोट लगी है, जबकि मलिंद के पुत्र दुर्गा राय की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में हुई मारपीट
सबसे मजेदार बात यह है कि पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में लोग सरेआम लाठी लेकर पीट रहे थे और कई लोग छुड़ाने में लगे थे. वहां एक पुलिसवाला पूरी घटना का अपने फोन से वीडियो बना रहा था.
दोनों पक्षों से एक- एक व्यक्ति हिरासत में
कहा जा रहा है कि दोनों पक्षों से एक- एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. सभी घायलों का इलाज अलग- अलग अस्पताल में चल रहा है. इस घटना ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस प्रशासन ने लंबे समय से चल रहे विवाद की जानकारी रहने के बाद भी विधि- व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कोई पहल नहीं की.

