सरायकेला: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा अंतर्गत सरायकेला- खरसावां जिले के ईचागढ़ में डिग्री महाविद्यालय के निर्माण कार्य हेतु 38 करोड़ 76 लाख 34 हजार रुपए की कैबिनेट से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर छात्र नेता सुदामा हेम्ब्रम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक सविता महतो के प्रयासों की सराहना की.

सुदामा हेम्ब्रम ने कहा कि झारखंड सरकार की शिक्षा नीतियों ने राज्य में शिक्षा के स्तर को बदलने का ऐतिहासिक कदम उठाया है. ईचागढ़ में डिग्री कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के अवसर मिलेंगे. उन्होंने कहा कि ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र की शैक्षणिक बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने का प्रयास किया. उनके समर्थन से ईचागढ़ को उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की दिशा में काम शुरू हुआ. यह निर्णय ग्रामीण और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने की सरकार की रणनीति का हिस्सा है. ईचागढ़ जैसे ग्रामीण व दूरस्थ इलाकों में शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे.

