कोडरमा: जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बेहराडीह गांव में बीती रात एक युवक के कुएं में गिर जाने से उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा बस्ती निवासी 26 वर्षीय अमन कुमार के रूप में की गई है. घटना को लेकर मृतक के चाचा सोनू कुमार ने बताया कि बीती रात अमन अपने कुछ दोस्तों के साथ इंदरवा बस्ती से डोमचांच के बेहराडीह बारात गया हुआ था लेकिन बारात लौटने पर सुबह जब वह घर वापस नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई. मृतक के चाचा ने बताया कि हमलोग डोमचांच के बेहराडीह गांव गए तो वहां भी अमन का कुछ पता नहीं चल सका.

अमन के घरवाले अमन की खोजबीन कर ही रहे थे कि इसी बीच बेहराडीह के मुखिया का अमन के पिता के मोबाइल पर कॉल आया और बताया गया कि गांव में बीती रात जहां शादी हुई थी, उसी जगह पर स्थित एक कुएं से एक युवक का शव बरामद हुआ है. इधर सूचना के बाद अमन के घर वाले जब वहां पहुंचे तो देखा कि वह शव अमन का ही था. जिसके बाद घटना की जानकारी डोमचांच पुलिस को दी गई. जिसके बाद डोमचांच थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले मामले की जांच में जुट गए. शव के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं. मृतक के परिजनों ने इसे संदेहास्पद मौत बताते हुए डोमचांच पुलिस से गंभीरता पूर्वक जांच की मांग की है. जानकारी के अनुसार उक्त कुएं के पास से पुलिस को शराब की बोतलें भी बरमाद हुई है. ऐसे में लोगों को संदेह है कि युवक शराब के नशे में कुएं की तरफ गया होगा और अनियंत्रित होने से कुएं में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई होगी. इधर डोमचांच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं.

