जमशेदपुर: शहर में चापड़बाजी का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा. जहां सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में देर रात डेली कलेक्शन कर घर लौट रहे एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हमलावरों ने युवक को गंभीर रूप से घायल करने के बाद उसके पास मौजूद करीब 10 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए. घायल युवक का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा है.


घटना टाउन हॉल के समीप की है. घायल की पहचान बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी के रूप में हुई है. अभिषेक ने बताया कि वह रोज की तरह मानगो क्षेत्र से डेली कलेक्शन का कार्य पूरा कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान टाउन हॉल के पास वह अपने एक मित्र से मोबाइल पर बात करने के लिए रुके थे.
पीड़ित के अनुसार, उसी समय अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और दीपू नामक चार युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के उन पर चापड़ से हमला कर दिया. आरोपियों ने उन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
अभिषेक का आरोप है कि हमलावर उन्हें जबरन उठाकर पास की झाड़ियों की ओर ले जाने लगे. उन्होंने किसी तरह शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों की हलचल देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. जाते- जाते आरोपी उनके पास मौजूद डेली कलेक्शन के करीब 10 हजार रुपये भी लेकर भाग निकले.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश, लूट या पूर्व विवाद से जुड़ा हो सकता है. हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

