जामताड़ा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जामताड़ा द्वारा रेलवे परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. आरपीएफ थाना एवं जामताड़ा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया गया.


कार्यक्रम में मुख्य रूप से चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर पी.सी. भास्कर, स्टेशन प्रबंधक सुरेंद्र पासवान, आरपीएफ सब इंस्पेक्टर सौरभ कुमार, आईओडब्ल्यू कर्मी सुधीर कुमार सहित आरपीएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे. सभी ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.
इस अवसर पर चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर पी.सी. भास्कर ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि वर्तमान पर्यावरणीय परिस्थितियां हमें प्रकृति के संरक्षण के प्रति गंभीर होने का संदेश देती हैं.
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है. पीपल के वृक्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह वृक्ष उन्हें विशेष रूप से प्रेरित करता है, क्योंकि यह दिन-रात ऑक्सीजन प्रदान करता है. उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि जीवन के अंतिम क्षण तक वे पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जुड़े रहेंगे.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया. साथ ही सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



