चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों और पंचायत भवनों में बुधवार को “तिथि भोजन सह जन्मोत्सव” कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया. कार्यक्रम के तहत बालिका मध्य विद्यालय, मॉडल स्कूल सोनुआ, बालक मध्य विद्यालय, राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय तथा बोईकोड़ा पंचायत भवन में बच्चों के लिए विशेष आयोजन किए गए.

इस दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष पकवान की व्यवस्था की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मई माह में जन्मे बच्चों का सामूहिक जन्मोत्सव रहा. बच्चों के साथ केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर और प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया. अधिकारियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए और बच्चों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की.
इस मौके पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी ईशा खंडवाल, कार्यपालक दंडाधिकारी जितेंद्र गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव, अंचल अधिकारी अनुज टेटे और बीपीओ राजीव सिन्हा ने बच्चों के साथ तिथि भोजन ग्रहण किया और जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया.

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. पूरे आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



