चाईबासा: जिले के मंझारी और तांतनगर प्रखंड में वर्षों से अधूरी पड़ी सड़कों के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आरईओ विभाग कार्यालय के समक्ष धरना- प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की.

धरना को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल ने कहा कि मंझारी प्रखंड के मेरोमहोनर पंचायत अंतर्गत बुनुमलता के जगदा तालाब चौक से पुड़दा होते हुए तिरिलपी तक तथा तांतनगर प्रखंड के सिलपुंजी से गंजीया तक सड़क निर्माण का शिलान्यास 09 मार्च 2024 को विधायक निरल पूर्ति द्वारा किया गया था. उन्होंने कहा कि शिलान्यास के करीब दो वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होना विभागीय उदासीनता को दर्शाता है.
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है. साथ ही मांग की कि मंझारी नहर से मुलियाबासा तक सड़क सुदृढ़ीकरण और रंकुई चौक से कुंदरुगुटू तक सड़क निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा किया जाए, ताकि बरसात से पहले लोगों को राहत मिल सके.
धरना में शामिल रेयांश सामड ने कहा कि राज्य सरकार चुनाव परिणाम कुछ दिनों में घोषित कर देती है, लेकिन चिटीमिटी से खासपुखरिया तक सड़क और पुटीसिया चौक से लगड़ा उड़ीसा सीमा तक सड़क निर्माण का कार्य पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है. उन्होंने इसे सरकार और विभाग की विफलता बताया.
ग्रामीण महिला बसंती कुई बिरुवा ने कहा कि मंझारी नहर से मुलियाबासा जाने वाली सड़क जंगुला के पास अत्यंत जर्जर हो चुकी है. खराब सड़क के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और मरीजों को खटिया पर ढोकर अस्पताल ले जाना पड़ता है. ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी दो माह के भीतर सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, तो आरईओ विभाग कार्यालय में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन किया जाएगा.
धरना कार्यक्रम में शत्रुघ्न कुंकल, मनोज सिंह गोप, रॉबिंस अल्डा, चांदु बिरुवा, सिकंदर बिरुवा, छोटा बिरुवा, रूपा बिरुवा, जगदीश बिरुवा, राज बिरुवा, सूरसिंह बिरुवा, गुरुचरण बिरुवा, सामु बिरुवा, गीता बिरुवा, आदेश बिरुवा समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: ज्योतिष महाली



