चाईबासा: सोनुआ प्रखंड में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा. पूर्व विधायक गुरुचरण नायक और सोनुआ प्रखंड अध्यक्ष निशांत कुमार महतो के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के माध्यम से मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की.

भाजपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में राज्य की मौजूदा हेमंत सरकार पर नीतिगत विफलता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए. पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है.
ज्ञापन में मुख्य रूप से पांच सूत्री मांगें उठाई गईं. भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकारी स्तर पर किसानों से धान की खरीद तो कर ली गई, लेकिन अब तक किसानों को भुगतान नहीं किया गया है. पार्टी ने किसानों का बकाया भुगतान तत्काल करने की मांग की.
इसके अलावा वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई. ज्ञापन में कहा गया कि सोनुआ प्रखंड में पिछले कई वर्षों से पेयजल व्यवस्था बदहाल है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

भाजपा नेताओं ने आवास, पुल-पुलिया और पीसीसी सड़क जैसी सरकारी योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बालू की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की. साथ ही मनरेगा कर्मचारियों के लंबित वेतन का जल्द भुगतान करने की अपील की गई.
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था कमजोर हो चुकी है और भ्रष्टाचार का बोलबाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार ने बड़े-बड़े वादे कर सत्ता हासिल की, लेकिन आज सरकार के पास विकास की कोई स्पष्ट नीति नहीं है.
भाजपा ने राज्यपाल से हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर लागू करना चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.
इस मौके पर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष केदारनाथ नायक, गोपाल कर, गणेश बंदिया, कुलदीप प्रमाणिक, दिनेश खंडायित समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



