चाईबासा: खाद्य सुरक्षा और जन वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को आहार दिवस के अवसर पर सोनुआ प्रखंड की भालूरूंगी पंचायत अंतर्गत संचालित सभी पांच पीडीएस दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण पंचायत के उपमुखिया गणेश चंद्र बोदरा द्वारा किया गया.


निरीक्षण के दौरान राशन दुकानों की कार्यप्रणाली, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था तथा लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया गया. उपमुखिया ने मौके पर मौजूद लाभुकों से सीधे संवाद कर राशन वितरण से संबंधित जानकारी ली. उनसे पूछा गया कि राशन समय पर मिल रहा है या नहीं तथा निर्धारित मात्रा के अनुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं.
लाभुकों ने जांच के दौरान राशन वितरण व्यवस्था पर संतोष जताया और बताया कि उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है. अधिकांश लाभुकों ने व्यवस्था को बेहतर बताते हुए किसी प्रकार की शिकायत नहीं होने की बात कही.
इस दौरान संबंधित राशन दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लाभुकों के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होने दिया जाएगा.
उपमुखिया गणेश चंद्र बोदरा ने कहा कि यदि भविष्य में किसी भी लाभुक की ओर से राशन वितरण में गड़बड़ी, कटौती या अन्य शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित डीलर के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी डीलरों से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



