चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती गुदड़ी थाना में पदस्थापित झारखंड पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मनोज बोदरा (47) का सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया. घटना से पुलिस महकमे के साथ-साथ उनके गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई.


जानकारी के अनुसार, एएसआई मनोज बोदरा पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था. सोमवार सुबह करीब छह बजे वह अपने बैरक में आराम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने बेचैनी महसूस होने की शिकायत की. साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनकी सहायता की और स्थानीय चिकित्सक से जांच कराई.
चिकित्सक ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल बेहतर इलाज की सलाह दी. इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से गुदड़ी से लगभग 65 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनुआ ले जाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक का माहौल बन गया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया.
मृतक एएसआई मनोज बोदरा सोनुआ थाना क्षेत्र के मदांगजाहिर गांव के निवासी थे. उनके परिवार में भी पुलिस सेवा की परंपरा है. उनका छोटा भाई भी झारखंड पुलिस में कार्यरत है और पश्चिम सिंहभूम जिले में ही पदस्थापित है.
सोमवार देर शाम उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी की गई. उनके असामयिक निधन से परिजनों, ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों में गहरा शोक व्याप्त है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

