जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार चाकूबाजी कांड में घायल हिमांशु सिंह की सोमवार देर शाम टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाज के दौरान मौत के बाद शहर में आक्रोश फैल गया. देर रात सैकड़ों की संख्या में लोग रीगल गोलचक्कर पहुंच गए और सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ- साथ घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की.


प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि वारदात के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया. उनका कहना था कि यदि पुलिस तत्काल कार्रवाई करती तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी. प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की न्यायिक अथवा निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई.
बताया जा रहा है कि मृतक हिमांशु सिंह करणी सेना से भी जुड़े हुए थे. उनकी मौत की सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और न्याय की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.
रीगल गोलचक्कर जाम होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया.
गौरतलब है कि शनिवार देर रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई थी. इस हमले में हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हिमांशु सिंह ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि प्रत्यूष सिंह को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल भेजा गया है.
हिमांशु की मौत के बाद पुलिस अब मामले की जांच हत्या की धाराओं के तहत कर रही है. इस मामले में बार संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह सहित 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. वहीं प्रदर्शनकारी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और घटना के दौरान पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं.
Edited By Sarita

