चाईबासा: जिले के आनंदपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से लेवी वसूली की साजिश रच रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 की सुबह आनंदपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी गोयराबेड़ा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को धमकाकर लेवी वसूलने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया.
पुलिस टीम जब गोयराबेड़ा जंगल के पास पहुंची तो दो युवक पुलिस वाहन को देखकर जंगल की ओर भागने लगे. जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. पूछताछ में उनकी पहचान संजु भोगता और कृष्णा भोगता के रूप में हुई. तलाशी के दौरान संजु भोगता के पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड मोबाइल बरामद किए गए. वहीं कृष्णा भोगता के पास से तीन जिंदा कारतूस और एक स्मार्टफोन मिला. दोनों आरोपी हथियार और कारतूस से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. पुलिस पूछताछ में संजु भोगता ने स्वीकार किया कि वे व्हाट्सएप कॉल के जरिए ठेकेदारों को धमकाकर लेवी वसूली करते थे. उसने यह भी बताया कि दोनों पहले पीएलएफआई संगठन से जुड़े रहे हैं और सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार को धमकाने पहुंचे थे. आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने संजय साय नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी संजु भोगता पहले भी वाहनों में आगजनी की घटना में शामिल रहा है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



