चांडिल: सरायकेला- खरसावां पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ अभियान के तहत नीमडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थाना क्षेत्र से गुम हुए कुल पांच मोबाइल फोन को CEIR पोर्टल की मदद से बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया.

मोबाइल वितरण कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार एवं पुलिस निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए. इस मौके पर नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी भी मौजूद रहे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में गुम मोबाइल की बरामदगी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है. तकनीकी सहायता और CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ट्रैक कर उन्हें बरामद किया जा रहा है.
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने सरायकेला- खरसावां पुलिस की पहल की सराहना करते हुए खुशी जताई. पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित थाना और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर



