खूंटी: जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, अपाची बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.

जानकारी के अनुसार 18 मई को कर्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव निवासी हेरमन होरो को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए खूंटी एसपी के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल मुण्डा उर्फ नन्दू को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने सहयोगी रमेश तिर्की उर्फ रवि तिरू उर्फ सिपाही के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की.
इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी रमेश तिर्की को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में रमेश ने भी अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पदमपुर जंगल से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस ने घटना में इस्तेमाल अपाची बाइक संख्या JH01FV- 3632 को भी जब्त कर लिया है. वहीं अवैध हथियार बरामदगी को लेकर कर्रा थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, कर्रा थाना प्रभारी राजु कुमार, कर्रा थाना पुलिस और रिजर्व गार्ड की अहम भूमिका रही.



