जामताड़ा: मिहिजाम के आम बागान स्थित सरोजा पल्लभा नृत्य एकेडमी में आयोजित सात दिवसीय भरतनाट्यम समर कैंप का शनिवार को भव्य समापन हुआ. समापन अवसर पर आयोजित प्रशस्ति पत्र वितरण समारोह में कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया.


एकेडमी की निदेशक पल्लवी राय ने बताया कि सात दिनों तक चले इस समर कैंप में बच्चों को भरतनाट्यम नृत्य की विभिन्न विधाओं, तालाम तथा सैद्धांतिक विषयों का प्रशिक्षण दिया गया. कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को नृत्य की बारीकियों, तकनीकी पहलुओं और सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई.
प्रशिक्षण शिविर में शामिल बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें भरतनाट्यम के बारे में कई नई जानकारियां सीखने का अवसर मिला. उन्होंने बताया कि यह शिविर उनके लिए बेहद प्रेरणादायक और यादगार अनुभव रहा. प्रशिक्षकों ने नृत्य की जटिल तकनीकों को सरल तरीके से समझाया, जिससे सीखने में काफी मदद मिली.
समापन समारोह में प्रशिक्षकों, अभिभावकों और कला प्रेमियों की उपस्थिति रही. इस अवसर पर प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास और भारतीय शास्त्रीय नृत्य की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया.
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां प्रतिभागियों के चेहरे पर प्रशिक्षण पूरा करने की खुशी और नई उपलब्धि का उत्साह साफ दिखाई दिया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



