
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव के मारिसाई टोला में शनिवार दोपहर शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी ही बहू और 10 वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


जानकारी के अनुसार, आरोपी रमाय बिरूवा उर्फ लुगुन शराब का आदी था और नशे की हालत में अक्सर घरवालों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था. शनिवार को भी वह शराब पीकर घर पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपनी 33 वर्षीय बहू नानिका बिरूवा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इसके बाद उसने अपनी 10 वर्षीय भतीजी शर्मिला बिरूवा को भी नहीं छोड़ा और उस पर भी कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी.

मृतक
घटना के समय नानिका के पति दखल सिंह बिरूवा खेत में काम करने गए थे. जब उन्हें घटना की सूचना मिली और वे घर पहुंचे तो पत्नी और बेटी को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखकर बदहवास हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया. वहीं त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमाय बिरूवा को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है.

आरोपी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी अक्सर शराब के नशे में परिवार के लोगों से विवाद करता था. फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.
Edited By Sarita






