
जामताड़ा: प्रखंड के नाराडीह गांव में मुहर्रम के अवसर पर पारंपरिक अखाड़ा खेल का भव्य आयोजन किया गया. शनिवार देर रात तक चले इस आयोजन में विभिन्न गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों ने लाठी, तलवार और पारंपरिक युद्धकला के आकर्षक करतब प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.


कार्यक्रम का उद्घाटन झामुमो अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सगीर खान, युवा नेता अकबर अंसारी और मुखिया निर्मल सोरेन ने पारंपरिक लाठी खेलकर किया. अतिथियों ने कहा कि मुहर्रम अखाड़ा की परंपरा सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं.

प्रतियोगिता में मोहम्मद नगर जियाजोरी, श्यामपुर, बागजोरी, पाकड़ीह, कैलाही समेत आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लिया. खिलाड़ियों ने अनुशासित ढंग से लाठी संचालन, पारंपरिक दांव-पेंच और युद्धकला का शानदार प्रदर्शन किया. आयोजन के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे. स्थानीय ग्रामीणों और आयोजन समिति के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. अंत में अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए इस तरह के पारंपरिक आयोजनों को निरंतर बढ़ावा देने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






