
जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर जोन नंबर-10, आजाद पथ, बारीडीह बस्ती स्थित टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के समीप रविवार शाम करीब 5:30 बजे दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों अपराधी लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली R15 बाइक से पहुंचे थे. वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने करीब 10 मिनट तक इलाके की रेकी की और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद दोनों किराना सामान खरीदने के बहाने गायत्री चंद्रा की किराना दुकान पर पहुंचे.
जैसे ही दुकान संचालिका गायत्री चंद्रा सामान देने के लिए आगे बढ़ीं, एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली. घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों अपराधी बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार से बारीडीह गोलचक्कर की ओर फरार हो गए.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. बिना नंबर प्लेट की बाइक और अपराधियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा.
Edited By Sarita






