चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत केन्जरा टोला तारोबबुरू में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे जमीन विवाद था. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उनकी निशानदेही पर तीनों शवों के साथ हत्या में इस्तेमाल खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है.


जगन्नाथपुर एसडीपीओ राएफेल मुर्मू ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 26 अगस्त को रगमिया दोरायबुरू ने टोंटो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में जमीन विवाद के कारण परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर शव छिपाए जाने की बात कही गई थी. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ करते हुए दो आरोपियों तक पहुंची.
मृतकों की पहचान राजिन दोरायबुरू (करीब 40), उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू (करीब 38) और उनके पुत्र काण्डे दोरायबुरू (करीब 12) के रूप में हुई है. तीनों केन्जरा टोला तारोबबुरू के रहने वाले थे.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हत्या में प्रयुक्त बताई जा रही खून लगी कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ यह भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी.

