रोहतास: डेहरी में वैवाहिक विवाद का एक मामला सामने आया है, जिसमें बिहार पुलिस में नौकरी लगने के बाद महिला कांस्टेबल के अपने पति को छोड़कर कथित प्रेमी के साथ चले जाने का आरोप लगाया गया है. महिला कांस्टेबल अर्चना भारती फिलहाल बेगूसराय स्थित BSAP में तैनात बताई जा रही हैं. उनके पति अजय सिंह ने डालमियानगर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए रोहतास एसपी से न्याय की गुहार लगाई है.


बताया गया कि दरिहट थाना क्षेत्र के आयरकोटा निवासी अर्चना की शादी 26 जनवरी 2025 को डालमियानगर के प्रयाग बिगहा निवासी अजय सिंह से हुई थी. अजय का दावा है कि शादी के बाद अर्चना ने सरकारी नौकरी की तैयारी करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्होंने डालमियानगर के एक कोचिंग संस्थान में उनका नामांकन कराया और पढ़ाई व प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े खर्च उठाए.
अजय के अनुसार, अर्चना का बिहार पुलिस में चयन होने के बाद उन्हें प्रशिक्षण के लिए दरभंगा भेजा गया. बाद में बेगूसराय में पोस्टिंग होने के बाद दोनों के रिश्ते में दूरी बढ़ने लगी. पति का आरोप है कि जुलाई में छुट्टी पर घर आने के दौरान उन्होंने अर्चना के मोबाइल में विवेक कुमार नामक युवक के साथ कथित व्हाट्सएप चैट देखी. इसे लेकर पति- पत्नी के बीच विवाद हुआ और इसके बाद अर्चना कथित रूप से विवेक के साथ चली गईं.
मामले में अर्चना की मां शकुंतला देवी भी रोहतास एसपी के पास पहुंचीं और बेटी से जुड़े मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई. वहीं पति ने डालमियानगर थाना में शिकायत देकर पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है.
सोशल मीडिया पर इस प्रकरण की तुलना चर्चित ‘ज्योति मौर्या प्रकरण’ से की जा सकती है, लेकिन दोनों मामलों के तथ्य और परिस्थितियां अलग हैं. फिलहाल पति एवं परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. अर्चना भारती और विवेक कुमार का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

