चाईबासा: जिले के मनोहरपुर अंतर्गत सेल की चिरिया लौह अयस्क खदान क्षेत्र में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और सिंहभूम की पूर्व सांसद सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने दौरा कर मजदूरों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान दोनों नेताओं ने सुकरी- दुबिल माइंस के सप्लाई मजदूरों से मुलाकात की. मजदूरों ने बताया कि कई महीनों से उनका बकाया वेतन, ग्रेच्युटी, मेडिकल सुविधा, लीव वेज और अन्य वैधानिक सुविधाओं का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

मजदूरों ने कहा कि आर्थिक संकट के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है. इसके बाद मधु कोड़ा और गीता कोड़ा ने सेल चिरिया के जीएम रवि रंजन और एचआर पर्सनल विकास दयाल से मुलाकात कर मजदूरों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा.

ज्ञापन में बकाया वेतन और अन्य वैधानिक सुविधाओं का जल्द भुगतान करने, मजदूरों की छंटनी रोकने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षा देने की मांग की गई.
इस मौके पर गीता कोड़ा ने कहा कि चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है. उन्होंने कहा कि बंद पड़ी खदानों को चालू करने की दिशा में ठोस पहल नहीं होने से क्षेत्र में बेरोजगारी और पलायन बढ़ रहा है.

गीता कोड़ा ने कहा कि मजदूरों की मांगों के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी मजदूरों के साथ अन्याय होगा, वह मजदूरों के साथ खड़ी रहेंगी. इस दौरान कई मजदूर प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: ज्योतिष महाली



