चाईबासा: चक्रधरपुर स्थित विधायक आवास में सोमवार को मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सह अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी चुनावी तैयारियों को धार देना रहा.

कार्यक्रम में मनोहरपुर प्रखंड झामुमो अध्यक्ष रंजित यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं बूथ स्तरीय सदस्य शामिल हुए. कार्यशाला में बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची में सुधार, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में बताया गया कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मतदाता सूची को अद्यतन करने, नए वोटरों का पंजीकरण कराने और वोटर आईडी से जुड़े कार्यों में अहम भूमिका निभाते हैं. प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक BLO की नियुक्ति की जाती है, जो चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग करते हैं.
झामुमो नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने और आम जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया.
गौरतलब है कि मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र को झामुमो का मजबूत गढ़ माना जाता है. ऐसे में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



